लखनपुर में ग्रामीणों संग सुना गया प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम
▪️भाजपा नेताओं ने कहा- हर बूथ पर कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण का प्रसारण रविवार को जमुई विधानसभा क्षेत्र के लखनपुर गांव स्थित बूथ संख्या-24 पर ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रकाश कुमार भगत एवं जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच जब देशवासियों से कुछ समय के लिए सोना नहीं खरीदने का आग्रह किया गया, तब जनता ने सरकार पर विश्वास जताते हुए उसका समर्थन किया, जिससे देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि जो विश्वविद्यालय कभी विश्व में ज्ञान का प्रमुख केंद्र था और जिसका अस्तित्व समाप्त हो चुका था, उसे उनकी सरकार ने पुनः विश्व पटल पर स्थापित करने का कार्य किया है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की चर्चा करते हुए कहा कि भारत अब स्वदेशी तकनीक से युद्धपोत और अन्य रक्षा उपकरण बनाकर अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत कर रहा है।
करीब 30 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री ने खेल, नवाचार, जनभागीदारी और सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को भी दोहराया।
कार्यक्रम के बाद भाजपा जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह ने कहा कि जिले के सभी बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम बन चुका है।
इस अवसर पर जमुई ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जनार्दन मंडल, रूपन मंडल, जितेंद्र ठाकुर, योगेंद्र मंडल, कुलदीप मंडल, सुबोध कुमार, मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, राम कुमार, भरत मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment