🔹जिले के सभी 31 संकुल संघ कार्यालयों में चला जनजागरूकता अभियान, डीपीएम बोले— नशा मुक्त समाज के निर्माण में जीविका दीदियों की भूमिका अहम।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत शनिवार को जिलेभर में जीविका की ओर से व्यापक स्तर पर जागरूकता रैली एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान" थीम पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
जीविका के जिला, प्रखंड एवं संकुल संघ स्तर के सभी कार्यालयों में कर्मियों और जीविका दीदियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली तथा जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। जिला जीविका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) संजय कुमार ने की, जहां सभी कर्मियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
अभियान के तहत जमुई सदर, झाझा और सोनो प्रखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां निकाली गईं। वहीं लक्ष्मीपुर प्रखंड के कर्तव्य संकुल संघ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीपीएम संजय कुमार एवं सामाजिक विकास प्रबंधक रबिन्द्र कुमार ने भाग लिया। इस दौरान डीपीएम ने जीविका दीदियों को नशे के सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए अपने परिवार, गांव और आसपास के लोगों को भी लगातार जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में जीविका दीदियां जन-जागरूकता की मजबूत कड़ी बनकर गांव-गांव तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएं।
जिले के सभी 10 प्रखंडों के 31 संकुल संघ कार्यालयों में आयोजित इस अभियान में जीविका दीदियों ने एकजुट होकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की गई।

No comments:
Post a Comment