216 दिनों का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर बिहार पुलिस में शामिल हुईं महिला जवान, डीआईजी बोले— निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ निभाएं कर्तव्य।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : जिले के मलयपुर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) 11वीं वाहिनी के परेड ग्राउंड में शनिवार को महिला आरक्षियों के चतुर्थ बैच का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 581 नव-प्रशिक्षित महिला आरक्षियों ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के लिए शपथ लेकर बिहार पुलिस की मुख्यधारा में अपनी सेवाओं की औपचारिक शुरुआत की।
समारोह के मुख्य अतिथि मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 11वीं वाहिनी के कमांडेंट सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि दीक्षांत परेड में शामिल 581 महिला आरक्षियों में बेगूसराय की 289, मुंगेर की 173 तथा बांका जिले की 119 प्रशिक्षु शामिल थीं। परेड का नेतृत्व मुख्य कमांडर पूजा एवं द्वितीय कमांडर किरण कुमारी ने किया। कुल 12 प्लाटूनों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद महिला जवानों ने वीआईपी सुरक्षा, दंगा नियंत्रण, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट, अग्निशमन और आपातकालीन प्राथमिक उपचार का सजीव प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने सराहना की।
बता दें कि मलयपुर प्रशिक्षण केंद्र से पासआउट होने वाला यह चौथा बैच है। इन महिला आरक्षियों को 216 दिनों तक कठोर एवं आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए आपराधिक कानूनों की जानकारी के साथ कंप्यूटर संचालन, सोशल मीडिया प्रबंधन, वायरलेस तकनीक, यातायात प्रबंधन, पुलिस नियमावली, अनुशासन और संवेदनशील व्यवहार का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बड़ी संख्या में महिलाओं का पुलिस बल में शामिल होना गौरव की बात है, जिससे कानून-व्यवस्था और जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी नव-नियुक्त आरक्षियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी महिला जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुख्य एवं द्वितीय कमांडर तथा बाह्य एवं आंतरिक अनुदेशकों ब्यूटी कुमारी, धीरेंद्र कुमार, ज्योति प्रकाश, सावन कुमार और चुन्नू कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों को मुख्य अतिथि एवं जिला पदाधिकारी श्री नवीन द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वरीय पुलिस उपाधीक्षक ज्योति कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment