एक करोड़ की साइबर ठगी मामले में युवक गिरफ्तार, कई अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
🔹व्हाट्सएप के जरिए भेजी जाती थी खतरनाक APK फाइल, मोबाइल हैक कर खातों से उड़ाए जाते थे पैसे
जमुई : जमुई पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर उनके बैंक खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। मामले में अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जमुई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने साइबर थाना, सिकंदरा थाना और चंद्रदीप थाना पुलिस के संयुक्त सहयोग से गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान चंद्रदीप थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 23 वर्षीय आलोक कुमार को गिरफ्तार किया गया। वह रामविलास यादव का पुत्र बताया गया है।
साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके सहयोगी व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को APK फाइल भेजते थे। अनजान लोग इसे सामान्य एप्लिकेशन समझकर डाउनलोड कर लेते थे, जिसके बाद उनका मोबाइल साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला जाता था।
पुलिस के अनुसार APK फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल की गतिविधियों पर अपराधियों की नजर हो जाती थी। मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारियां उनके पास पहुंच जाती थीं। इसके बाद जैसे ही पीड़ित कोई बैंकिंग लेनदेन करता, साइबर अपराधी खाते से राशि निकाल लेते थे।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे दो बैंक खाते मिले हैं, जिनमें लगभग एक करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। पुलिस का कहना है कि खातों में बड़ी मात्रा में रकम जमा और निकासी के प्रमाण मिले हैं। हालांकि फिलहाल खातों में कोई राशि उपलब्ध नहीं है।
साइबर डीएसपी ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, एप या फाइल को डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए डिजिटल सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।
पुलिस का मानना है कि इस साइबर गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment