मेगा स्वास्थ्य शिविर का डीएम ने किया उद्घाटन, कहा- स्वास्थ्य से बढ़कर कोई संपत्ति नहीं
🔹चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर आयोजित शिविर में सैकड़ों लोगों की हुई मुफ्त जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवा।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू/राकेश कुमार
जमुई : जमुई चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में रविवार को महाराजगंज स्थित जय हिंद धर्मशाला में विशाल मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न जांच काउंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। वर्तमान समय में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यापारिक संगठनों को सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी निभानी चाहिए। इससे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सीधा लाभ मिलता है।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। वहीं जनरल फिजिशियन डॉ. निखिल निलेश ने सामान्य रोगों से संबंधित जांच कर मरीजों को उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए।
इसके अलावा अविष्कार डायग्नोस्टिक, जमुई के सहयोग से विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच भी मुफ्त में कराई गई। रक्त जांच समेत अन्य आवश्यक परीक्षणों का लाभ लोगों ने उठाया। स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और जांच की सुविधा प्राप्त हुई।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
वहीं कार्यक्रम में जमुई चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील बरनवाल, सचिव नितेश कुमार केसरी, कोषाध्यक्ष अमित कुमार उपाध्यक्ष मनीष कुमार, सहसचिव रंजन कुमार, संरक्षक नीतीश कुमार संरक्षक जयप्रकाश बरनवाल, श्रीकांत केसरी, सुजीत विश्वकर्मा, किट्टू कुमार भगत, महेंद्र बरनवाल, मनीष बरनवाल, राजेश कुमार, भोला रजक, अरविंद केसरी, समाजसेवी राजीव रंजन भालोटिया, बच्चन सिंह, ब्रजेश बरनवाल, वरिष्ठ व्यवसाई विजय कुमार सर्राफ, अशोक कुशवाहा, धनुषधारी प्रसाद वर्मा के अलावा सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment