🔹'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम के साथ जिले के सभी दस प्रखंडों में आयोजित हुए कार्यक्रम, जीविका दीदियों ने परिवार और समाज को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश।
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जमुई जिले में जीविका दीदियों ने ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघों में एकत्र होकर सामूहिक योगाभ्यास किया। जिले के सभी दस प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में जीविका कर्मियों, कैडरों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
प्रखंड जमुई सदर की अमरथ पंचायत में जीविका दीदियों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं झाझा प्रखंड की बलियाडीह पंचायत में जीविका मित्र ललिता के नेतृत्व में समूह की महिलाओं ने योग कर स्वयं एवं अपने परिवार को स्वस्थ रखने का संकल्प लिया। सिकंदरा प्रखंड में शक्ति एवं नारीशक्ति जीविका महिला ग्राम संगठन की दीदियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' (स्वस्थ आयु के लिए योग) रखी गई है। इसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है।
जीविका दीदियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
उल्लेखनीय है कि 21 जून को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में जमुई जिले की जीविका दीदियां पूरे सप्ताह योग जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेती रहीं और अपने आसपास के लोगों को भी योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करती रहीं।

No comments:
Post a Comment