गिद्धौर में आपसी भाईचारे के साथ मनाई गई ईद, नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ
गिद्धौर (जमुई) : जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद-उल-फितर का पर्व आपसी भाईचारे, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। पवित्र रमजान माह की समाप्ति के बाद सैकड़ों रोजेदारों ने गिद्धौर जामा मस्जिद में एकत्र होकर अल्लाह की इबादत में सजदा किया और देश-दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली एवं सामाजिक समरसता की दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे समाज के लिए शांति और सौहार्द की कामना करते हुए एकता का परिचय दिया।
ईद के मौके पर झाझा विधायक दामोदर रावत पतसंडा के अल्पसंख्यक टोला पहुंचे, जहां उन्होंने मुस्लिम भाइयों के साथ ईद की खुशियों में शिरकत की। उन्होंने लोगों को ईद की बधाई देते हुए अल्लाह से क्षेत्र में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस अवसर पर जदयू नेता शैलेंद्र रावत, समाजसेवी सह पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार पिंकू, गुरुदत्त प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। सभी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की।
विभिन्न पंचायतों में भी ईद का उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। गंगरा पंचायत की मुखिया अंजनी सिंह, सेवा पंचायत के मुखिया रामाशीष साह, मौरा पंचायत के युवा मुखिया धनराज यादव, रतनपुर पंचायत के मुखिया भोला यादव और पूर्वी गुगुलडीह की मुखिया सुनीता देवी ने अल्पसंख्यक मोहल्लों में पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई दी और उनके साथ खुशियां साझा कीं।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। गिद्धौर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में विशेष पुलिस गश्ती की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरे प्रखंड में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहा।
कुल मिलाकर गिद्धौर प्रखंड में ईद-उल-फितर का पर्व सौहार्द, एकता और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने सामाजिक समरसता की एक सुंदर मिसाल पेश की।


No comments:
Post a Comment