चैती दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई, मुंगेर प्रमंडल आयुक्त की समीक्षा बैठक, जमुई डीएम-एसपी ने लिया भाग - City Channel

Breaking

Saturday, March 28, 2026

चैती दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई, मुंगेर प्रमंडल आयुक्त की समीक्षा बैठक, जमुई डीएम-एसपी ने लिया भाग

चैती दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई, मुंगेर प्रमंडल आयुक्त की समीक्षा बैठक, जमुई डीएम-एसपी ने लिया भाग

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू 

जमुई : चैती दुर्गा पूजा के प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। शनिवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जमुई का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला पदाधिकारी नवीन एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने भाग लिया। इस दौरान आयुक्त ने सभी जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी थाना परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर हाल में चालू रखने और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के बाद जमुई डीएम नवीन और एसपी विश्वजीत दयाल ने जिले के सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि चैती दुर्गा पूजा के विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विसर्जन के दौरान अगर किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण करना और आम लोगों का भरोसा मजबूत करना है।

No comments:

Post a Comment

Pages