खतौली में नामित सभासदों की सूची पर वैश्य समाज में रोष
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली (मुजफ्फरनगर): नगर पालिका परिषद खतौली के लिए शासन द्वारा नामित सभासदों की सूची जारी होने के बाद वैश्य समाज में नाराजगी देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग द्वारा 14 मार्च 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 की धारा-9 के तहत पांच सभासदों को नामित किया गया है।
अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन, खतौली के नगर अध्यक्ष अभिषेक गोयल (एडवोकेट) ने आरोप लगाया है कि नामित सभासदों की सूची में वैश्य समाज की पूरी तरह अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि पांचों नामित सभासदों में से कोई भी वैश्य समाज से नहीं है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
अभिषेक गोयल का कहना है कि वैश्य समाज लंबे समय से भाजपा का प्रमुख समर्थक रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी को वैश्य समाज से केवल वोट और सहयोग चाहिए, जबकि नेतृत्व और पदों में उनकी भागीदारी सीमित कर दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि व्यापार और देश के आर्थिक विकास में अहम योगदान देने के बावजूद वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में वैश्य समाज को पहले की तुलना में कम अवसर मिल रहे हैं।
नगर अध्यक्ष ने भाजपा नेतृत्व और सरकार से मांग की है कि वैश्य समाज के योगदान के अनुरूप उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए, ताकि नीति निर्धारण में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

No comments:
Post a Comment