जमुई में जनता दरबार: 28 से अधिक फरियादें सुनीं, त्वरित निष्पादन के निर्देश
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में नवीन, जिला पदाधिकारी, जमुई ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 28 से अधिक फरियादें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, भूमि विवाद, लोक शिकायत, प्रशासनिक तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, मामलों की समयबद्ध समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ताओं को निष्पादन की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

No comments:
Post a Comment