एनएच तीन सौ तैंतीस पर गहरे गड्ढों से राहगीर परेशान, चिड़ेन पुल के पास हादसे की आशंका - City Channel

Breaking

Wednesday, February 4, 2026

एनएच तीन सौ तैंतीस पर गहरे गड्ढों से राहगीर परेशान, चिड़ेन पुल के पास हादसे की आशंका

एनएच तीन सौ तैंतीस पर गहरे गड्ढों से राहगीर परेशान, चिड़ेन पुल के पास हादसे की आशंका


सिटी संवाददाता सोनो से पंकज बरनवाल की रिपोर्ट

जमुई जिले के सोनो-बटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच - 333 मुख्य मार्ग पर बटिया घाटी स्थित चिड़ेन पुल के समीप सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

बताया जाता है कि यह मार्ग सोनो और चकाई को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बटिया घाटी का यह इलाका घने जंगलों से होकर गुजरता है और लगभग पांच किलोमीटर तक तीखे मोड़ों व चढ़ाई-उतराई वाला है। ऐसे में चिड़ेन पुल के पास चढ़ाई के ठीक पहले सड़क पर बने गहरे गड्ढे खतरे को और बढ़ा रहे हैं।

वाहन चालकों को इन गड्ढों के कारण काफी धीमी गति से वाहन चलाना पड़ रहा है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन करीब दो हजार वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क की हालत और बिगड़ती जा रही है।

गौरतलब है कि बटिया घाटी क्षेत्र दो थाना क्षेत्रों में विभाजित है। चिड़ेन पुल बटिया थाना क्षेत्र में पड़ता है, जबकि पुल पार करते ही चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र की सीमा शुरू हो जाती है। बावजूद इसके, सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं दिखी है।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और संवेदक से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को टाला जा सके और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Pages