आपसी कलह में महिला ने तीन बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, दो मासूम बच्चियों की मौत - City Channel

Breaking

Friday, January 2, 2026

आपसी कलह में महिला ने तीन बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, दो मासूम बच्चियों की मौत

आपसी कलह में महिला ने तीन बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, दो मासूम बच्चियों की मौत

सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल

सोनो जमुई : सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत बैलमबा पंचायत के छप्परडीह गांव स्थित नेकाटांड़ में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी पारिवारिक कलह से क्षुब्ध एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से महिला और एक बच्चे की जान बचा ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के शमशेर अंसारी की पत्नी रुबेश खातून गुरुवार शाम घरेलू विवाद के बाद अपने तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चियों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मृत बच्चियों के दादा मोहम्मद मुमताज ने बताया कि घटना से पहले बहू मायके जाने की बात कह रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में सूरत में काम करता था और परिवार से अलग रह रहा था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बंटवारे को लेकर गुरुवार शाम पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद हुआ था। आरोप है कि बातचीत के दौरान पति ने गुस्से में आपत्तिजनक शब्द कहे, जिसके बाद महिला बच्चों को लेकर घर से निकल गई और यह हृदयविदारक घटना घट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही महिला का पति सूरत से फ्लाइट द्वारा शुक्रवार दोपहर घर पहुंचा। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Pages