समस्तीपुर में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर - City Channel

Breaking

Saturday, January 3, 2026

समस्तीपुर में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर

समस्तीपुर में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर

समस्तीपुर जिले में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार (3 जनवरी 2026) को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला जैसी ठंडी जगहों से भी कम है। इसके साथ ही घना कोहरा छाने से दृश्यता महज 50 मीटर तक रह गई है।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार, वर्ष 2012 के बाद जनवरी की इस तारीख में इतनी न्यूनतम तापमान की गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि 5 और 6 जनवरी को फिर से कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है। इस दौरान सुबह कुहासा रहेगा और अधिकतम तापमान 15-17°C, जबकि न्यूनतम तापमान 7-9°C के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 3-6 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ जाएगा।

कड़ाके की ठंड का असर कृषि पर भी पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने आलू, मटर, टमाटर, धनिया, लहसुन और रवि फसलों में झुलसा रोग के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक छिड़काव करने की सलाह दी है। वहीं, नवंबर में बोई गई रवि मक्का की फसल पर उर्वरक का प्रयोग शुरू करने और गेहूं की फसल में खरपतवार हटाने की सलाह दी गई है।

पशुपालन में भी ठंड का असर देखा जा रहा है। दुधारू पशुओं के लिए हरा और सूखा चारा, नमक व खनिज मिश्रित दाना दिया जाना जरूरी है। बिछावन के लिए सूखी घास या खर का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।

सड़क और रेल यातायात पर घने कोहरे का असर जारी है, इसलिए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकलने की चेतावनी दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages