विकास आयुक्त एवं अध्यक्ष बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, बिहार द्वारा इंटर व मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर कदाचार-मुक्त संचालन हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित - City Channel

Breaking

Wednesday, January 28, 2026

विकास आयुक्त एवं अध्यक्ष बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, बिहार द्वारा इंटर व मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर कदाचार-मुक्त संचालन हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

विकास आयुक्त एवं अध्यक्ष बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, बिहार द्वारा इंटर व मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर कदाचार-मुक्त संचालन हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

जमुई : आगामी 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा तथा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक प्रस्तावित वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा के सफल एवं कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर राज्य स्तर पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह एवं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष श्री आनंद किशोर की संयुक्त अध्यक्षता में यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान परीक्षा संचालन से संबंधित तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। केंद्र निर्धारण, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई एवं भंडारण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए।

इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। प्रत्येक बेंच पर केवल दो परीक्षार्थियों को बैठाने का प्रावधान किया गया है, ताकि अनुचित साधनों के प्रयोग की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। प्रश्नपत्रों के बंडल परीक्षा कक्ष में ही दो विद्यार्थियों के हस्ताक्षर की उपस्थिति में खोले जाएंगे, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। साथ ही, परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार को बंद कर दिया जाएगा और उसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

जमुई जिला मुख्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला पदाधिकारी श्री नवीन, पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चन्द्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बालमुकुंद प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन, श्री नागमणि कुमार वर्मा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages