बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025 से सम्मानित होंगे कलेक्टर श्री नवीन, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पटना में मिलेगा सम्मान - City Channel

Breaking

Friday, January 23, 2026

बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025 से सम्मानित होंगे कलेक्टर श्री नवीन, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पटना में मिलेगा सम्मान

बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025 से सम्मानित होंगे कलेक्टर श्री नवीन, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पटना में मिलेगा सम्मान

जमुई : बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग ने जमुई के कलेक्टर सह जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन को वर्ष 2025 के लिए “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड” से सम्मानित करने हेतु नामित किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, पारदर्शी एवं नवाचारपूर्ण संचालन के लिए प्रदान किया जा रहा है।

श्री नवीन को यह पुरस्कार 25 जनवरी 2026 को पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा। निर्वाचन विभाग द्वारा राज्यभर में चयनित केवल 10 कलेक्टरों को यह सम्मान दिया जा रहा है। इनमें आठ वर्तमान में जिला पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि अनिल कुमार (पूर्व डीएम, अररिया) वर्तमान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक तथा मनेश कुमार मीणा (पूर्व डीएम, कटिहार) खान विभाग के निदेशक के रूप में पदस्थ हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में श्री नवीन ने विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ नेतृत्व, नवाचार और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया। उनके नेतृत्व में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा मतदाता सहभागिता बढ़ाने के लिए उन्होंने प्रभावी रणनीति के साथ आईटी आधारित पहल, सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधन, सुव्यवस्थित चुनाव प्रबंधन, सुलभ मतदान व्यवस्था, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया।

उनके नेतृत्व में हुए प्रयासों का परिणाम यह रहा कि विधानसभा चुनाव 2025 में मतदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई। निर्वाचन विभाग ने उनके उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को मान्यता देते हुए उन्हें इस राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

श्री नवीन के चयन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने इसे जमुई जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कलेक्टर श्री नवीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages