महिलाओं के यौन उत्पीड़न की शिकायतों के त्वरित निवारण को लेकर जमुई में She-Box पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न रोकना हम सबकी जिम्मेवारी : डीएम।
जमुई : महिलाओं के कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज करने और उनके समयबद्ध समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जमुई स्थित शुक्र दास स्मृति भवन में She-Box पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री नवीन, भा.प्र.से. ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि She-Box पोर्टल महिलाओं को कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने का एक सशक्त और सुरक्षित डिजिटल माध्यम प्रदान करता है। यह पोर्टल सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं के लिए उपयोगी है, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज कर सकें और उसका त्वरित निवारण हो सके।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य संगठित एवं असंगठित क्षेत्र, निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में काम करने वाली सभी महिलाओं के लिए सिंगल विंडो सिस्टम उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकती हैं और उसकी प्रगति की जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी महिला को कार्यस्थल पर मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न, छेड़छाड़ या यौन शोषण जैसी किसी भी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे 181 महिला हेल्पलाइन पर कॉल कर भी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि She-Box पोर्टल महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और इससे कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल के संचालन, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और निवारण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।




No comments:
Post a Comment