मीठापुर में बन रहे बिहार स्वास्थ्य विज्ञान व अभियंत्रण विश्वविद्यालय भवन का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण
पटना : माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना के मीठापुर क्षेत्र में निर्माणाधीन बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एवं बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के छात्र-छात्राओं को उच्चस्तरीय तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन दोनों विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी भवनों और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण बेहतर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि जल्द से जल्द शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जा सकें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि मीठापुर क्षेत्र पहले से ही शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। यहां चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT), चाणक्या लॉ यूनिवर्सिटी और मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित हैं। इन दोनों नए विश्वविद्यालयों के भवनों के निर्माण से यह पूरा क्षेत्र और अधिक विकसित व आकर्षक हो जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के चालू होने से राज्य के युवाओं को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और बिहार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

No comments:
Post a Comment