जमशेदपुर जिला प्रशासन अलर्ट : 29 दिसंबर को जमशेदपुर दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगी कड़ी निगरानी, जिला प्रशासन अलर्ट
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा होने जा रहा है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार की शाम जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था का मॉक ड्रिल किया। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और आवश्यकतानुसार कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया।
राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। सुरक्षा कारणों से पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाई है।
राष्ट्रपति का आगमन 29 दिसंबर को सुबह 10.10 बजे सोनारी एयरपोर्ट पर निर्धारित है। एयरपोर्ट से वह सीधे करनडीह जाहेरथान जाएंगी, जहां वे लगभग 1 घंटे 5 मिनट रुकेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संतोष गंगवार और झाड़ग्राम के विधायक पद्मश्री कालीपद सोरेन मंच पर मौजूद रहेंगे। इस समारोह में संताली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा।
समापन समारोह में ओलचिकी लिपि को समृद्ध और विकसित करने में योगदान देने वाले 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मानित करेंगी। आयोजन स्थल पर सुबह 7 बजे से 9.30 बजे तक ही पासधारकों को प्रवेश मिलेगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग एलबीएसएम कॉलेज के पास की गई है।
करनडीह जाहेरथान से 11.45 बजे राष्ट्रपति का काफिला जमशेदपुर परिसदन के लिए रवाना होगा। दोपहर का भोजन करने के बाद वह दोपहर 1.50 बजे बिष्टुपुर होते हुए एनआईटी जमशेदपुर पहुंचेंगी। एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को संस्थान परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगी। एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार ने बताया कि इस वर्ष कुल 1114 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिनमें से 612 विद्यार्थी समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इनमें स्नातक के 417, स्नातकोत्तर के 149 और 46 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने आगंतुकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो सके।

No comments:
Post a Comment