रंगोली और मेहंदी से फैला रहीं जागरूकता — “वोट फॉर बेटर बिहार” का संदेश दे रही हैं जीविका दीदियां - City Channel

Breaking

Thursday, October 30, 2025

रंगोली और मेहंदी से फैला रहीं जागरूकता — “वोट फॉर बेटर बिहार” का संदेश दे रही हैं जीविका दीदियां

जमुई: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जमुई जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीविका दीदियां अपने रचनात्मक प्रयासों से लोगों को मतदान के महत्व का संदेश दे रही हैं।

गुरुवार को लक्ष्मीपुर प्रखंड की जीविका दीदियों ने रंगोली बनाकर “जागो मतदाता जागो” और “वोट फॉर बेटर बिहार” का संदेश दिया। महिलाओं ने “मतदान जरूर करेंगे हम” का नारा लगाते हुए गलियों और मोहल्लों में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

वहीं जमुई सदर प्रखंड के गरसांडा पंचायत में खुशी, संध्या और गंगा जीविका महिला ग्राम संगठन की महिलाओं ने हाथों में मेहंदी से “मतदान अवश्य करें” लिखकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।

इसी तरह सोनो प्रखंड के लोहा पंचायत में हर्ष जीविका महिला ग्राम संगठन की बैठक में मतदाता शपथ दिलाई गई और जागरूकता रैली निकाली गई। महिलाओं ने रंगोली और मेहंदी दोनों माध्यमों से मतदान का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित संकल्प सभा में जीविका दीदियों ने 11 नवंबर को जमुई जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की शपथ ली।

जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया और मतदाताओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

गौरतलब है कि यह अभियान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री नवीन के निर्देशानुसार स्वीप कोषांग, जमुई के सौजन्य से संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के महत्व का बोध कराना और उन्हें लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।

जीविका दीदियों की यह पहल समाज में मतदान को उत्सव का रूप देने के साथ-साथ लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में प्रेरक उदाहरण बन रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages