जमुई : सिमुलतला आवासीय विद्यालय, सिमुलतला में कक्षा छह (सत्र 2026-27) में नामांकन हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षा अब 31 अक्टूबर को तय समय पर अशोका पब्लिक स्कूल, सिकंदरा रोड, जमुई में संचालित की जाएगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
इस संबंध में जिलाधीश सह मुख्य जिला परीक्षा नियंत्रक श्री नवीन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले यह परीक्षा स्टेट बैंक के निकट स्थित +2 उच्च विद्यालय, जमुई में आयोजित की जानी थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से परीक्षा केंद्र में बदलाव करना पड़ा। अब अभ्यर्थियों को नए परीक्षा केंद्र अशोका पब्लिक स्कूल, सिकंदरा रोड पर परीक्षा देनी होगी।
डीएम ने बताया कि केंद्र परिवर्तन के बावजूद परीक्षा की तिथि और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा 31 अक्टूबर को पूर्व निर्धारित समय पर ही होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे प्रवेश पत्र पर अंकित समयानुसार अशोका पब्लिक स्कूल पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर आवश्यक सुविधाएँ, जैसे बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा रही है। सभी पर्यवेक्षकों और कर्मियों को निष्पक्षता के साथ परीक्षा संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम नवीन कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर कदाचार पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी दल तैनात किए जाएंगे। साथ ही, जिला प्रशासन की ओर से स्टैटिक ऑब्जर्वर और मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति से बचने के लिए अभ्यर्थी केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को निष्पक्ष परीक्षा का अवसर मिले।
इस परीक्षा में जिले समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल होंगे, जो सिमुलतला आवासीय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए अपनी योग्यता का प्रदर्शन करेंगे।

No comments:
Post a Comment