दुर्गा पूजा को लेकर डीएम ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश - City Channel

Breaking

Monday, September 15, 2025

दुर्गा पूजा को लेकर डीएम ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश

दुर्गा पूजा को लेकर डीएम ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश


जमुई : शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम श्री नवीन ने संबंधित पदाधिकारियों और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र और दुर्गा पूजा का पर्व शांति, उमंग और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न होना चाहिए। इसके लिए प्रशासन हर संभव कदम उठाएगा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापना से पूर्व लाइसेंस लेना अनिवार्य है। लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन करना होगा, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रतिमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी समितियों की होगी। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे का अधिष्ठापन जरूरी बताया गया। साथ ही आग से बचाव के पुख्ता प्रबंध करने, बिजली कनेक्शन हेतु विभागीय एनओसी लेने और मूर्ति विसर्जन के लिए केवल निर्धारित मार्ग का उपयोग करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह चौकस रहेगा। पूजा समिति के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि बड़ी घटनाओं को रोका जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस आपसी समन्वय से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएंगे।

बैठक में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, एसडीएम सौरभ कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अमृत किशोर, नजारत उप समाहर्ता भानू प्रकाश, एसडीपीओ सतीश सुमन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और पर्व को आपसी भाईचारे और सामूहिक सौहार्द के साथ मनाएं।

No comments:

Post a Comment

Pages