सिटी संवाददाता : अजय कुमार सिन्हा
समस्तीपुर : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को समस्तीपुर कलेक्ट्रेट से महिलाओं द्वारा एक भव्य पिंक रैली निकाली गई। रैली को डीडीसी शैलजा पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला मतदाताओं में उत्साह और जोश साफ झलक रहा था।
डीडीसी ने कहा कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य खासकर महिला मतदाताओं को जागरूक करना है, ताकि वे लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने अपील की कि हर महिला को इस नारे को आत्मसात करना चाहिए— “पहले मतदान, फिर जलपान”। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आगे आएंगी तो निश्चित रूप से मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी।
रैली में विभिन्न प्रखंडों की सीडीपीओ, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और कलेक्ट्रेट की महिला कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्कूटी पर पिंक ड्रेस पहने महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर आमजन को आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करती नजर आईं।
रैली से पहले कलेक्ट्रेट गेट पर आंगनबाड़ी सेविकाओं ने आकर्षक रंगोली बनाई। इस रंगोली में मतदाता जागरूकता के संदेश उकेरे गए थे। खासकर एक रंगोली में ईवीएम मशीन का चित्रण किया गया था, जिसमें बटन दबाने का प्रतीक दर्शाया गया। इसे देखकर लोग काफी प्रभावित हुए और इसकी तस्वीरें खींचते नजर आए। रंगोली के जरिए संदेश दिया गया— “आओ मतदान करें”।
महिलाओं की इस पहल को आम जनता ने भी सराहा। राह चलते लोग उन्हें देख प्रेरित होते दिखे। रैली के दौरान शहर का माहौल मतदान के प्रति सजगता और जागरूकता से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर एनडीसी सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने महिलाओं के इस अभियान की सराहना की और कहा कि जब समाज की आधी आबादी मतदान के लिए जागरूक होगी तो लोकतंत्र और भी मजबूत होगा।
जागरूकता रैली के जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि कर्तव्य भी है, जिसे निभाकर ही हम बेहतर शासन और सशक्त लोकतंत्र की स्थापना कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment