झाझा, जमुई/बिहार : जिले की पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझा थाना क्षेत्र के ग्राम बाराजोर और घोरिकवा में चल रही अवैध मिनीगन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि इन गांवों में कुछ लोग अवैध हथियार निर्माण का धंधा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर झाझा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई की टीम गठित की गई और तत्परता के साथ छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नामजद अभियुक्त मो. साहिद आलम, पिता जमीर अंसारी, निवासी बाराजोर तथा मो. इजराईल हक उर्फ छोटू अंसारी, पिता सबीरूददीन अंसारी, निवासी बाराजोर को गिरफ्तार किया। वहीं अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से हथियार बनाने की सामग्री और उपकरणों का जखीरा बरामद किया है।
जप्त सामानों में तीन अर्धनिर्मित कट्टा, दस बड़े-छोटे बैरल, दो जिंदा कारतूस, चार कारतूस खोखा, एक ड्रील मशीन, एक भाँती मशीन, एक बेस मशीन, दो ग्रैंडर मशीन, ग्रैंडर ब्लेड, बड़ा दाय, ग्रुज काटने वाला, फायरिंग हम्बर, बेस प्लेट, मिहाई समेत सरसी, रेती, हथौड़ा और अन्य छोटे-छोटे पुर्जे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक मोबाइल भी जब्त किया है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक जमुई ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के धंधे में सक्रिय थे और स्थानीय स्तर पर हथियारों की आपूर्ति करते थे। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है तथा अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment