जमुई/बिहार : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) जमुई के आदेश पर रविवार को एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिठलपुर में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का विषय NALSA (Legal Services for Differently Abled Children) Scheme-2021 रखा गया था। इसका संचालन अधिवक्ता श्री आलोक कुमार और पैरा लीगल वॉलेंटियर (PLV) सुश्री स्मिता कुमारी ने किया। दोनों ने विस्तार से बताया कि दिव्यांग बच्चों को विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुविधा और न्याय तक समान पहुंच का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाएं और निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, लेकिन अभिभावकों और समाज को इसके प्रति जागरूक होना जरूरी है।
अधिवक्ता आलोक कुमार ने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ेगी तभी दिव्यांग बच्चों को वास्तविक लाभ मिलेगा। वहीं, पीएलवी स्मिता कुमारी ने उदाहरण देकर समझाया कि दिव्यांग बच्चों को कानूनी सहायता कैसे प्राप्त हो सकती है और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किस प्रकार उनकी मदद करता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजीव कुमार और वार्ड पार्षद श्रीमती अभिलाषा कुमारी ने सक्रिय सहयोग दिया। बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर यह संकल्प लिया गया कि प्रत्येक परिवार और समाज को दिव्यांग बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मानजनक जीवन की दिशा में प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम की रिपोर्ट और तस्वीरें नियमानुसार डीएलएसए कार्यालय को प्रेषित कर दी गई हैं।

No comments:
Post a Comment