बाबा विश्वकर्मा पूजा पर श्रम कल्याण दिवस: मुख्यमंत्री ने किया 802 करोड़ की वार्षिक वस्त्र सहायता योजना का अंतरण - City Channel

Breaking

Wednesday, September 17, 2025

बाबा विश्वकर्मा पूजा पर श्रम कल्याण दिवस: मुख्यमंत्री ने किया 802 करोड़ की वार्षिक वस्त्र सहायता योजना का अंतरण

बाबा विश्वकर्मा पूजा पर श्रम कल्याण दिवस: मुख्यमंत्री ने किया 802 करोड़ की वार्षिक वस्त्र सहायता योजना का अंतरण

जमुई : बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग द्वारा बुधवार को बाबा विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर राज्यभर में श्रम कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पटना में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने ‘बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW बोर्ड)’ के वार्षिक वस्त्र सहायता योजनान्तर्गत 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपए की राशि का अंतरण किया। इस राशि का सीधा लाभ 16 लाख से अधिक श्रमिकों को मिला।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और श्री विजय कुमार सिन्हा मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता श्रम संसाधन मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने की, जबकि विभागीय सचिव श्री दीपक आनंद ने स्वागत भाषण व कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत किया।

इस मौके पर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम कुमार, डॉ. गोपाल सिंह, BOCW बोर्ड के सचिव श्री सुनील कुमार यादव तथा श्रमायुक्त श्री राजेश भारती सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जमुई में लाइव प्रसारण :
मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण जमुई समाहरणालय के सभा कक्ष में भी किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

जिला श्रम अधीक्षक श्री रतीश कुमार ने उपस्थित श्रमिकों को बाल श्रम न करने की शपथ दिलाई और भरोसा दिलाया कि श्रम विभाग हर समय उनके साथ खड़ा है। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन, शताब्दी योजना, प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर लाभान्वित श्रमिकों को जिला प्रशासन द्वारा चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, विभिन्न मजदूर संघों के प्रतिनिधि, एनजीओ प्रतिनिधि और पंचायत स्तर से आए श्रमिकों की विशेषकर महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगे भी जनजागरण अभियान जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Pages