सेवा पर्व के अवसर पर 8वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ - City Channel

Breaking

Wednesday, September 17, 2025

सेवा पर्व के अवसर पर 8वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ

सेवा पर्व के अवसर पर 8वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ

जमुई : सेवा पर्व के अवसर पर 8वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ बुधवार को जमुई सदर प्रखंड के मरकट्टा गाँव स्थित अंबेडकर सामुदायिक भवन में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री नवीन ने परंपरागत गोदभराई उत्सव में गर्भवती महिलाओं को “पोषण की पोटली” देकर सम्मानित किया और अन्नप्राशन दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त, एडीएम, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, डीपीओ रश्मि रंजन, सीडीपीओ आभा कुमारी, प्रखंड प्रमुख अमित कुमार, मुखिया संतोष यादव सहित जनप्रतिनिधि, महिला पर्यवेक्षक, सेविका–सहायिका एवं पोषण अभियान के कर्मी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि गर्भावस्था में महिला को पर्याप्त पोषण और कैल्शियम की जरूरत होती है। समय-समय पर चिकित्सकीय जांच, टिटनस टीका और आयोडीनयुक्त नमक का सेवन अनिवार्य है। पोषण की कमी से महिलाओं में खून की कमी व कुपोषण की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने माताओं से अपील की कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से जांच और पोषण संबंधी परामर्श लें।

मालूम हो कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर हर महीने की 7 तारीख को गोदभराई की रस्म आयोजित की जाती है। कार्यक्रम में डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जा रहे साप्ताहिक पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बताया गया कि स्थानीय साग–सब्जियों से तैयार भोजन बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक है।

डीपीओ रश्मि रंजन एवं सीडीपीओ आभा कुमारी ने गर्भवती महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी दी। उन्हें एएनएम व एंबुलेंस नंबर उपलब्ध कराए गए ताकि समय पर सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित हो सके। साथ ही आयरन की गोली 180 दिन तक लेने और चार माह के बाद कैल्शियम की खुराक शुरू करने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत लाभुकों को 5000 रुपये का सांकेतिक चेक भी जिलाधिकारी ने प्रदान किया। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक, सेविका-सहायिका एवं आईसीडीएस के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages