गिद्धौर के धनंजय कुमार सिन्हा बने सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष - City Channel

Breaking

Sunday, August 10, 2025

गिद्धौर के धनंजय कुमार सिन्हा बने सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष

गिद्धौर के धनंजय कुमार सिन्हा बने सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष

🔹 आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी

सिटी संवाद : सुशान्त साईं सुन्दरम 

गिद्धौर, जमुई/बिहार : गिद्धौर की धरती ने एक बार फिर राजनीतिक पटल पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। मूल रूप से गिद्धौर निवासी धनंजय कुमार सिन्हा को सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) का बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा पटना में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान की गई, जिसका समापन रविवार को हुआ। सम्मेलन के पहले सत्र में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और बिहार प्रदेश समिति का गठन किया गया।

       तेलंगाना के शेख नूरूल अमीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा धनंजय कुमार सिन्हा को बिहार प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। चुनाव पर्यवेक्षक महेन्द्र यादव ने बताया कि नवगठित समिति का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। धनंजय कुमार सिन्हा की साफ-सुथरी छवि, राजनीतिक आंदोलनों में सक्रियता और सांगठनिक दक्षता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है।

   पार्टी का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन गांव-गांव तक मजबूत होगा। प्रदेश कार्यकारिणी में कुन्दन किशोर, संगीता कुमारी एवं दुखी लाल यादव को उपाध्यक्ष, अजय सहनी, नशूर अजमल एवं श्रद्धा सुमन को महासचिव, बिन्दु कुमारी एवं अभिषेक आनंद को सचिव, जयप्रकाश को कोषाध्यक्ष, शशिकांत को प्रवक्ता, आलोक कुमार को मीडिया प्रभारी, नितीन शर्मा को मीडिया सलाहकार तथा बबीता कुमारी एवं शोभा कुमारी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया।              सम्मेलन के दूसरे सत्र में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित राजनीति को मजबूत करना है। 

        वहीं धनंजय के बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उनके गृह क्षेत्र गिद्धौर में जश्न का माहौल है। उनके परिजनों और शुभचिंतकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages