अलीगंज पीएचसी में नेत्र केयर सेंटर का शुभारंभ, अब आंखों के इलाज के लिए नहीं जाना होगा बाहर
सिटी संवाददाता : मो० मुमताज
अलीगंज/जमुई : प्रखंड मुख्यालय स्थित अलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के सौजन्य से नेत्र केयर सेंटर (Ophthalmic Centre) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. साजिद हुसैन ने फीता काटकर सेंटर का उद्घाटन किया।
डॉ. हुसैन ने कहा कि अलीगंज पीएचसी में अब तक नेत्र संबंधी किसी प्रकार की सुविधा नहीं थी, जिससे प्रखंडवासियों को आंखों की समस्याओं के लिए दूरदराज के अस्पतालों में जाना पड़ता था। लेकिन अब इस नेत्र सेंटर के खुलने से आमजन को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि आंखों से जुड़ी बीमारियों का प्राथमिक इलाज, जांच और परामर्श अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो पाएगा।
अस्पताल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि नेत्र चिकित्सा सुविधा की शुरुआत से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि अब आंखों की किसी भी सामान्य बीमारी की जांच और इलाज यहीं किया जा सकेगा।
शुभारंभ अवसर पर समाजसेवी सह अधिवक्ता शशिशेखर सिंह मुन्ना, महिला नेत्री शीलू देवी, चंद्रशेखर आजाद, धर्मेन्द्र पासवान उर्फ गुरुजी, राजकुमार पासवान, धर्मेन्द्र कुशवाहा, मुकेश चौधरी, सुनील शर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इस सुविधा से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र प्रसाद, बीसीएम संतोष कुमार सिंह सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment