रास्ते पर गिरे पैसे लौटाकर रितु देवी ने रचा सच्चाई का इतिहास, पेश की ईमानदारी की मिसाल
🔹घंटाघर निवासी तुषार गुप्ता की नकदी लौटाकर समाज में भरोसे की रोशनी बिखेरी।
सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली, मुजफ्फरनगर : आज के दौर में जब ईमानदारी एक दुर्लभ गुण बनता जा रहा है, ऐसे समय में रितु देवी ने एक मिसाल पेश करते हुए समाज में विश्वास और नैतिकता की लौ को और प्रज्वलित कर दिया है।
घटना खतौली के बाद बाजार स्थित तायल मेडिकल स्टोर की है, जहां बीती रात घंटाघर निवासी तुषार गुप्ता दवाइयां खरीदने पहुंचे थे। दवाई लेते समय अनजाने में उनकी जेब से ₹6500 की नकदी गिर गई, जिसका उन्हें तत्काल अहसास नहीं हुआ।
कुछ देर बाद उसी स्थान पर प्रसिद्ध समाजसेवी, लेखक एवं प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. अंकुर प्रकाश गुप्ता मानव की धर्मपत्नी रितु देवी पहुँचीं। सड़क पर पैसे पड़े देखकर उन्होंने न केवल उसे उठाया, बल्कि तायल मेडिकल स्टोर के मालिक को सूचित भी किया कि यदि कोई व्यक्ति पैसे खोने की बात करता है, तो उसकी पूरी सत्यता जांचकर उन्हें सूचित किया जाए।
थोड़ी ही देर में तुषार गुप्ता बेहद चिंतित अवस्था में वापस लौटे और नकदी खोने की बात कही। जब उन्होंने गिरने का स्थान और सटीक राशि बताई, तब रितु देवी ने बिना किसी हिचकिचाहट के पूरी रकम उन्हें लौटा दी।
यह घटना केवल एक राशि लौटाने भर की नहीं, बल्कि एक ऐसे चरित्र और नैतिकता की कहानी है जो आज के समाज में विरले ही देखने को मिलती है। मौके पर मौजूद लोगों ने रितु देवी के इस कार्य की खुले दिल से सराहना की और कहा कि ऐसे उदाहरण ही समाज को सच्चाई और भरोसे के पथ पर बनाए रखते हैं।
तुषार गुप्ता ने भावुक होकर कहा, “आजकल जहां लोग पैसे के लिए सब कुछ दांव पर लगा देते हैं, वहां रितु देवी जैसे लोग ईमानदारी और मानवता को जीवित रखे हुए हैं। मैं उनका तहे दिल से आभार प्रकट करता हूं।”

No comments:
Post a Comment