झाझा में रक्षा बंधन पर मिला धार्मिक तोहफ़ा : पिपराडीह शिव मंदिर में पुस्तकालय का उद्घाटन
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
झाझा, जमुई/बिहार : रक्षा बंधन के पावन अवसर पर झाझा नगर परिषद क्षेत्र के पिपराडीह शिव मंदिर प्रांगण में एक अनोखी पहल देखने को मिली। राजद नेता सह समाजसेवी डॉ. नीरज साह ने अपने करकमलों से धार्मिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया। बता दें कि यह पहल क्षेत्र में धार्मिक चेतना और अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
मौके पर समाजसेवी डॉ. नीरज साह ने कहा कि आज के समय में जहां मोबाइल के प्रति आकर्षण बढ़ गया है, वहीं धार्मिक ग्रंथों के प्रति रुचि घटती जा रही है। ऐसे में यह पुस्तकालय सनातन धर्म के प्रति समाज में धार्मिक जागरूकता और आध्यात्मिक संस्कृति को प्रोत्साहित करने का कार्य करेगा। उन्होंने इसे समाज के हर वर्ग के लिए ज्ञान और भक्ति का केंद्र बताया।
समारोह में जिला पार्षद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह और पिपराडीह के अनेक गणमान्य धर्मप्रेमी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद डॉ. नीरज साह ने मंदिर में संध्या आरती में भाग लिया और सावन की पूर्णिमा के साथ-साथ रक्षा बंधन के पवित्र पर्व पर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय आने वाली पीढ़ियों को अपने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।





No comments:
Post a Comment