“साइकिल यात्रा एक विचार” की 502वीं यात्रा, खैरमा फार्मेसी कॉलेज में वृक्षारोपण
जमुई/बिहार : “साइकिल चलाएँ, प्रदूषण घटाएँ – पेड़ लगाएँ, धरती बचाएँ” के संकल्प के साथ साइकिल यात्रा एक विचार मंच ने आज अपनी 502वीं यात्रा संपन्न की। यात्रा का शुभारंभ जमुई प्रखंड परिसर से हुआ और यह कारवाँ फार्मेसी कॉलेज, ग्राम खैरमा तक पहुँचा।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर की निजी भूमि पर महोगनी, सागवान, अमरूद, शरीफा, नींबू समेत अनेक प्रजातियों के पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया।
सदस्य अजीत कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा “जहाँ चारों ओर हरियाली हो, फूल खिले हों, तितलियाँ नाच रही हों और पक्षियों का कलरव सुनाई दे, वहाँ का वातावरण मन को अद्भुत सुख देता है। हमारे ग्रंथों में वृक्षारोपण को पुण्य और वृक्षों की कटाई को पाप माना गया है। इसलिए सभी को इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करना चाहिए।”
सदस्य सिंटू कुमार ने वृक्षारोपण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा “यदि गाँवों की परती भूमि और वृक्षहीन पहाड़ियों पर पौधारोपण हो तो ग्रामवासियों को ईंधन, फल और पशुओं के लिए हरा चारा मिलेगा। वृक्ष प्रकृति में शुद्धता और शीतलता लाते हैं, वर्षा कराते हैं और मिट्टी का क्षरण रोकते हैं। यही संतुलन बाढ़, भूस्खलन और रेगिस्तान के विस्तार को रोक सकता है।”
आज की यात्रा में सक्रिय रूप से शामिल रहे सदस्य :
ठाकुर, हरेराम कुमार सिंह, राहुल सिंह, संदीप कुमार रंजन, अजीत कुमार, सिंटू कुमार, अभिषेक आनंद, सोनू कुमार, संजय कुमार, कॉलेज कर्मी रौशन जी एवं गोलू जी।
इस प्रकार “साइकिल यात्रा एक विचार” मंच का यह प्रयास न केवल हरियाली फैलाने का कार्य कर रहा है, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण के महत्व का संदेश भी दे रहा है।

No comments:
Post a Comment