पांच सूत्री मांगों को लेकर भूमि सर्वेक्षण कर्मियों का विरोध तेज, 16 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
सिटी संवाददाता : मो० मुमताज
अलीगंज, जमुई/बिहार : बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण अभियान में कार्यरत संविदा कर्मी और पदाधिकारी अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन के मूड में हैं। विशेष सर्वेक्षण संविदा कर्मी एवं अभियंता संघ, पटना के आह्वान पर अलीगंज प्रखंड के बंदोबस्त कार्यालय, अबगिला चौरसा में मंगलवार को दर्जनों कर्मियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक हड़ताल की।
कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगें पूरी नहीं की गईं तो 16 अगस्त से पटना स्थित गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। आंदोलन के कारण राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण भूमि सर्वेक्षण कार्य और राजस्व महाअभियान पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है।
हड़ताल में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, कानूनगो, लिपिक और विशेष सर्वेक्षण अमीन शामिल बताए गए हैं। सर्वेक्षण अमीन दिपु कुमार, सचिन कुमार, शुभम कुमार सहित अन्य कर्मियों ने कहा कि वे बीते पांच वर्षों से मेहनत और लगन के साथ दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन सरकार उनके और उनके परिवारों के भविष्य को लेकर जिम्मेदारी नहीं निभा रही है।
कर्मियों का कहना है कि वर्ष 2023 में संघ और विभाग के बीच हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ। मजबूरी में कर्मियों ने 11 से 14 अगस्त तक सांकेतिक हड़ताल करने और फिर 16 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
मुख्य मांगों में सेवा नियमित या सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने, ईपीएफओ में सरकार की ओर से अंशदान देने, एएसओ को एई के समकक्ष, कानूनगो एवं अमीन को जेई के समकक्ष और लिपिक को यूडीसी के समकक्ष वेतन देने, समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है।
मौके पर मार्शल जाह्नवी, ललन कुमार, दिपु कुमार, सचिन कुमार, शुभम कुमार, बुलेश्वर कुमार, विक्रम कुमार, रिया कुमारी, ऋषभ कुमार समेत कई कर्मी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment