12 अगस्त को नीतीश कुमार करेंगे 125 यूनिट फ्री बिजली पर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट, राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई/बिहार : राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक नि:शुल्क बिजली देने की ऐतिहासिक योजना एक अगस्त 2025 से लागू कर दी गई है। इस योजना के तहत जुलाई माह की बिजली खपत के आधार पर उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक पूर्ण अनुदान पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उपभोक्ताओं को इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देने और जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अगस्त को विद्युत उपभोक्ता संवाद कार्यक्रम के माध्यम से राज्यभर के बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।
कार्यपालक अभियंता ई. संजीव गुप्ता ने बताया कि इस संवाद का उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में संवाद स्थल तय किए जा रहे हैं। जमुई जिला स्तर पर यह संवाद श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में होगा, जहां उपभोक्ता उपस्थित होकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुनेंगे। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधियों के भी मौजूद रहने की संभावना है।
ई. गुप्ता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 12 अगस्त को बड़ी संख्या में श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम पहुंचें और संवाद के जरिए योजना की पूरी जानकारी प्राप्त करें।
गौरतलब है कि इस योजना से उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 500 से 700 रुपये तक की बचत हो रही है, जबकि ग्रामीण उपभोक्ता भी तीन सौ रुपये से अधिक के लाभ में हैं।

No comments:
Post a Comment