पूजा भारती की शिकायत का हुआ निस्तारण, अनुमंडल लोक शिकायत कार्यालय ने दी जानकारी
🔹जमुई थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद परिवादिनी ने जताई संतुष्टि।
जमुई/बिहार : अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय, जमुई ने पूजा भारती द्वारा दायर की गई शिकायत की सुनवाई करते हुए उसका सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया है।
इस बाबत जानकारी देते हुए अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार रमन ने बताया कि जमुई थाना क्षेत्र के आनंद बिहार कॉलोनी निवासी पूजा भारती ने एक आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहन और बहनोई ने मिलकर उनसे साढ़े आठ लाख रुपये की ठगी की है। उन्होंने पहले जमुई थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाने का प्रयास किया, लेकिन जब एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो उन्होंने लोक शिकायत निवारण कार्यालय की शरण ली।
पदाधिकारी रमन ने बताया कि विषयवस्तु की गंभीरता को देखते हुए लोक प्राधिकार सह थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए गए। जांच उपरांत यह पुष्टि हुई कि जमुई थाना में कांड संख्या 364/25 के अंतर्गत मामला दर्ज हो चुका है और अनुसंधान जारी है।
प्राथमिकी दर्ज होने और पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी मिलने के बाद परिवादी पूजा भारती संतुष्ट हुईं, और मामले का निस्तारण कर दिया गया।
लोक शिकायत निवारण अधिनियम एक सशक्त माध्यम – पदाधिकारी रमन
अनिल कुमार रमन ने इस अवसर पर कहा कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम 2015 आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक मजबूत और प्रभावशाली व्यवस्था है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने अधिकारों की रक्षा और न्याय प्राप्ति के लिए इस अधिनियम का सदुपयोग करें।

No comments:
Post a Comment