जमुई की बेटी प्रियंका को कब मिलेगा न्याय?शोकाकुल परिजनों ने सरकार और प्रशासन से लगाई गुहार
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जमुई जिला के कल्याणपुर निवासी परमानंद पाण्डेय की सबसे छोटी पुत्री प्रियंका की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों के अनुसार, प्रियंका की हत्या 14 जून 2025 को उसके ससुराल पांडेयडीह, प्रखंड चांदन, जिला बांका में गला घोंटकर की गई। मृतका के शरीर पर कई जगह गम्भीर चोटों के निशान और गले पर काला निशान स्पष्ट रूप से हिंसा की भयावहता को दर्शाते हैं।
प्रियंका की शादी तीन वर्ष पूर्व बड़े धूमधाम से राजप्रकाश पाण्डेय के साथ की गई थी। लेकिन विवाह के कुछ ही माह बाद से प्रियंका को लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों के अनुसार, उसके पति राजप्रकाश के साथ-साथ सास सरिता देवी, ससुर जितेंद्र पाण्डेय, तथा राजप्रकाश की बहन और बहनोई भी प्रताड़ना में शामिल थे।
घटना के बाद चांदन थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य अभियुक्त राजप्रकाश, सरिता देवी और जितेंद्र पाण्डेय को गिरफ़्तार किया गया है। हालांकि, दो अन्य नामजद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे प्रियंका के परिवार में गहरा आक्रोश और निराशा है।
प्रियंका के भाई और लोकगायक भवानी कुमार पाण्डेय ने कहा, "यह घटना न सिर्फ हमारी बहन के जीवन का अंत है, बल्कि यह समाज और मानवता के चेहरे पर एक गहरा धब्बा है। हम बिहार सरकार और बांका जिला प्रशासन से आग्रह करते हैं कि शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर, इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वालों को फांसी तक पहुंचाया जाए। साथ ही इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कठोर संदेश दिया जाए।"
परिजनों ने राज्य सरकार, महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और न्यायपालिका से अपील की है कि जमुई की इस बेटी को शीघ्र न्याय दिलाया जाए, ताकि समाज में अन्य बेटियों के प्रति अत्याचार पर अंकुश लग सके।
No comments:
Post a Comment