बाबा झुमराज मंदिर समिति ने मार्च माह की आय-व्यय का विवरण किया सार्वजनिक, मंदिर विकास में दिख रही नई गति
🔹दान और सहयोग से जुटाए गए 11.80 लाख रुपये में से अधिकतर राशि गुंबद निर्माण सहित विकास कार्यों में व्यय।
सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल
सोनो : प्रसिद्ध बाबा झुमराज मंदिर, जो सोनो प्रखंड के बटिया बाजार से सटे गोंती नदी के किनारे स्थित है, वहां की मंदिर समिति द्वारा मार्च माह की आय-व्यय का विस्तृत विवरण जारी किया गया है। समिति के इस पारदर्शी प्रयास की स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों ने सराहना की है।
समिति द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, मई माह में श्रद्धालुओं के सहयोग से ₹5,22,561 की राशि एकत्र हुई, वहीं दानपेटी से ₹63,685 प्राप्त हुए। इस प्रकार मई माह में कुल ₹5,86,246 की राशि प्राप्त हुई।
इस राशि में अप्रैल माह की बची हुई राशि ₹5,94,309 को जोड़कर कुल राशि ₹11,80,555 हुई। समिति ने जानकारी दी कि इस पूरी राशि में से ₹11,51,565 का व्यय मार्बल, ग्रेनाइट सहित अन्य निर्माण व विकास कार्यों में किया गया। इस प्रकार समिति के पास ₹28,990 की शेष राशि अब भी सुरक्षित है।
इसके अतिरिक्त, मंत्री सुमित कुमार सिंह द्वारा गुंबद निर्माण हेतु ₹5,51,000 की विशेष सहायता भी दी गई है, जो मंदिर समिति के पास सुरक्षित है और निर्माण कार्य शुरू होते ही उसका उपयोग किया जाएगा। समिति के कोषाध्यक्ष श्री लल्लु प्रसाद बरनवाल ने जानकारी दी कि इस राशि का पूर्ण हिसाब निर्माण के समय सार्वजनिक किया जाएगा।
ज्ञात हो कि छह महीने पूर्व गठित नई समिति के द्वारा बाबा झुमराज मंदिर के विकास कार्यों में तेजी लाई गई है। मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई, भवन सौंदर्यीकरण, संगमरमर व ग्रेनाइट का उपयोग, साथ ही गुंबद निर्माण जैसे कार्यों की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि यदि विकास की यही गति बनी रही, तो निकट भविष्य में बाबा झुमराज मंदिर न सिर्फ जमुई जिले, बल्कि सम्पूर्ण बिहार में एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में पहचान बनाएगा।
No comments:
Post a Comment