जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम अंतिम चरण में, अब तक 1045 ग्राम संगठनों में सफल आयोजन - City Channel

Breaking

Wednesday, June 4, 2025

जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम अंतिम चरण में, अब तक 1045 ग्राम संगठनों में सफल आयोजन

जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम अंतिम चरण में, अब तक 1045 ग्राम संगठनों में सफल आयोजन

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू 

जमुई : जिले में महिलाओं की भागीदारी, अधिकारों और बदलाव का प्रतीक बन चुका महिला संवाद कार्यक्रम अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ चला है। 18 अप्रैल 2025 से शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत जिले के 1245 ग्राम संगठनों में संवाद आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक 1045 ग्राम संगठनों में सफल आयोजन हो चुका है। बल्कि हर दिन औसतन 22 गाँवों में यह कार्यक्रम हो रहा है, जिसमें करीब पाँच हज़ार महिलाएं शामिल हो रही हैं।

वहीं बुधवार को खैरा प्रखंड के भीमाइन पंचायत में उजाला जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ आरंभ इस कार्यक्रम में लगभग ढाई सौ महिलाओं ने भाग लिया। संवाद रथ के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं। मुख्यमंत्री का संदेश पत्र और लीफलेट भी वितरित किए गए, जिन्हें महिलाओं ने आपस में पढ़कर साझा किया।

इस मौके पर विष्णु स्वयं सहायता समूह की मीना देवी ने सिली गाँव में उत्पादक समूह के गठन और रोजगार की माँग रखी। उन्होंने गाँव में नाला, पेयजल और चापाकल की कमी की ओर ध्यान दिलाया। पूनम देवी ने विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षकों की माँग, जबकि कविता देवी ने पुस्तकालय की आवश्यकता जताई।

  बताते चलें कि भीमाइन पंचायत के ग्यारह ग्राम संगठनों द्वारा अब तक सात गाँवों में महिला संवाद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ है। इस कार्यक्रम में सीडीपीओ भी नोडल पदाधिकारी के रूप में मौजूद थीं। इसी दिन सिकंदरा प्रखंड के मारीचा गाँव में शीतल जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में बजरंग बली स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सविता देवी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पचास हजार रुपये का लोन लेकर भैंस खरीदी और दूध व्यवसाय शुरू किया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। उन्हें इंदिरा आवास योजना का लाभ भी मिला।

इसी कार्यक्रम में दुर्गा जीविका की सदस्य मीना देवी ने बताया कि गाँव में नल-जल योजना तो पहुँच चुकी है, पर उनके घर तक अब भी इसका लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि महाजन से ऊँचे ब्याज दर पर कर्ज लेने की बजाय अब जीविका समूह से एक प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिलता है, जो गरीब महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है।

वहीं बुधवार को जमुई जिले के विभिन्न प्रखंडों जैसे चकाई, ई.अलीगंज, जमुई सदर, झाझा, खैरा, लक्ष्मीपुर, सिकंदरा और सोनो के ग्राम संगठनों में भी महिला संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

यह बताते चलें कि महिला संवाद कार्यक्रम न केवल महिलाओं को आत्मविश्वास और मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी, सामूहिक भागीदारी और समाधान की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages