अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस पर पर्यावरण भारती ने चलाया वृक्षारोपण अभियान
🔻13 फलदार पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा मातृत्व सेवा सदन परिसर, खैरा मोड़, जमुई में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत कटहल, आँवला, आम, अमरूद एवं अगस्त फूल के कुल 13 पौधे लगाए गए। पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्या डॉ. शालिनी सिंह ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से समूचा विश्व प्रभावित हो रहा है और इसका एकमात्र समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा, “आज यदि 100 पेड़ लगाए जाते हैं, तो 1,000 पेड़ काटे जा रहे हैं। भविष्य में कूलर और एसी भी फेल हो जाएंगे और मानवता गर्मी से तड़पने को विवश होगी।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ जरूर लगाएं, क्योंकि पेड़ तापमान को औसतन 5 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकते हैं।
शाण्डिल्य ने बताया कि 15 मई 1994 को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया था। भारतीय चिंतन में 'वसुधैव कुटुम्बकम' की अवधारणा से यह सिद्ध होता है कि पूरी पृथ्वी ही एक परिवार है। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी ने यह सच्चाई उजागर कर दी है कि संपूर्ण मानवता एक परिवार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम 'परिवार तथा जलवायु परिवर्तन' अत्यंत प्रासंगिक है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवार ही समाज, राष्ट्र और विश्व के निर्माण की मूल इकाई है। परिवार दिवस का उद्देश्य है—परिवार के महत्व को समझना, लोगों को जागरूक करना और परिवार में प्रेम व एकता को बढ़ावा देना।
इस अवसर पर डॉ. वीणा सिंह, रानी कुमारी, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, नित्यानंद मंडल, पवन कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे और उन्होंने पौधारोपण में भाग लिया।
वृक्षारोपण को परिवार दिवस के साथ जोड़कर पर्यावरण भारती ने एक सार्थक संदेश देने का प्रयास किया।
No comments:
Post a Comment