महिला संवाद कार्यक्रम के तहत 12 हजार से अधिक महिलाओं ने रखी अपनी आकांक्षाएं
सिटी संवाददाता : प्रो० ,रामजीवन साहू
जमुई, 15 मई। ग्रामीण विकास विभाग के तहत चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी प्रखंडों में 18 अप्रैल से लगातार जारी है। इस कार्यक्रम में महिलाएं न सिर्फ अपनी व्यक्तिगत समस्याएं, बल्कि गांव और समाज के विकास से जुड़ी मांगें भी मजबूती से रख रही हैं।
जिले में तैनात 11 जागरूकता वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन 22 गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वाहनों पर लगे एलईडी टीवी के जरिये 45 मिनट की फिल्म के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की जानकारी दी जा रही है।
15 मई तक जिले के 605 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन हो चुका है, जिसमें 12 हजार से अधिक महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं साझा की हैं।
गिद्धौर प्रखंड की नेहा कुमारी ने जीविका समूह से लिए गए ऋण पर ब्याज दर अधिक होने की समस्या को उठाया और ब्याज को एक प्रतिशत से घटाकर 50 पैसे करने की मांग की। बरहट प्रखंड के टेंगहारा गांव में रंजना देवी ने डेयरी सेंटर और बकरी शेड की आवश्यकता बताई, जबकि बबीता देवी ने हाई स्कूल की मांग रखी। मंजू देवी और अहिल्या देवी ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ मिला है।
कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार चौधरी ने उपस्थित होकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और अपनी आकांक्षाएं साझा करने के लिए प्रेरित किया।
महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य है महिलाओं को सशक्त बनाना, उन्हें योजनाओं से जोड़ना और गांव के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना।
संपर्क:
महिला संवाद कार्यक्रम
जमुई जिला प्रशासन
(ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत)
No comments:
Post a Comment