महिला संवाद कार्यक्रम ने जमुई की महिलाओं को दी नई उड़ान
🔻649 ग्राम संगठनों में हुआ आयोजन, 13 हजार से अधिक आकांक्षाएं हुईं दर्ज
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : ग्रामीण विकास विभाग की पहल पर चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम से महिलाओं की आकांक्षाओं को नई दिशा मिल रही है। शनिवार 17 मई तक जिले के 649 ग्राम संगठनों में इसका आयोजन हो चुका है, जिसमें 13 हजार से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं संकलित की गई हैं।
इसी क्रम में खैरा प्रखंड के चुआं पंचायत स्थित केवल फरियत्ता गांव में राधिका ग्राम संगठन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाग लेने पहुंचीं जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा, “जीविका आज महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी है। एक महिला जब आगे बढ़ती है, तो उसका पूरा परिवार तरक्की करता है।”
कार्यक्रम में महिलाओं ने सड़क, नाला, स्कूल, पुस्तकालय, शौचालय, सोलर लाइट आदि की मांग रखी। बीड़ी बनाने से स्वास्थ्य नुकसान की समस्या भी सामने आई।
प्राची, जो जीविका के जरिए बैंक मित्र बनीं और अब बिहार पुलिस में चयनित हुईं, ने अपनी प्रेरणादायक कहानी साझा की। कृषि उद्यमी संगीता देवी, बिंदु भारती, और मुन्नी देवी समेत कई महिलाओं ने भी अपने अनुभव बताए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवाद में आई समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में एसडीओ, पंचायती राज पदाधिकारी, लोक शिकायत पदाधिकारी, जीविका प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि 18 अप्रैल से राज्यभर में महिला संवाद कार्यक्रम संचालित है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।
No comments:
Post a Comment