जमुई में साइकिल यात्रा के ज़रिए जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
🔹487वीं साइकिल यात्रा पर्यावरण प्रेमी जयनंदन सर को समर्पित, ग्रामीणों को दी गई जागरूकता की सीख
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
खैरा/जमुई : पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती के प्रति जन-जागरूकता के उद्देश्य से "साइकिल यात्रा एक विचार" मंच के बैनर तले रविवार को 487वीं साप्ताहिक साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा प्रातः 7:00 बजे जमुई प्रखंड परिसर से प्रारंभ होकर नीम नवादा गांव में संपन्न हुई। इस आयोजन को पर्यावरण प्रेमी स्व. जयनंदन सर की स्मृति में समर्पित किया गया।
मंच के सक्रिय सदस्य शेषनाथ रॉय ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य ग्रामीणों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव और जैविक खेती के लाभों से अवगत कराना था। साइकिल यात्रा के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए सदस्य अजीत कुमार ने कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर असर पड़ता है।
उन्होंने समझाया कि रासायनिक खेती से मिट्टी के उपयोगी सूक्ष्मजीव और केंचुए समाप्त हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की जल सोखने की क्षमता और भूरभूरापन खत्म हो जाता है। इसका सीधा असर फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन पर पड़ता है।
इस मौके पर सदस्य हरेराम कुमार सिंह ने ग्रामीणों को जैविक खेती की विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैविक खाद, गोबर, खेतों के अवशेष और जीवांश खाद का प्रयोग करने से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
ग्रामीणों और युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी :
इस प्रेरणादायक यात्रा में मंच के सदस्य शेषनाथ रॉय, राहुल रितुराज, सिंटू कुमार, सौरभ कुमार, विनय कुमार, राहुल कुमार सिंह, अजीत कुमार, हरेराम कुमार सिंह और रामविलास सांडिल की सक्रिय भागीदारी रही।
वहीं, नीम नवादा गांव के ग्रामीणों में अभिषेक कुमार, आदित्य कुमार, राजन कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने इस मुहिम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
No comments:
Post a Comment