महिला संवाद कार्यक्रम बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल - City Channel

Breaking

Thursday, May 29, 2025

महिला संवाद कार्यक्रम बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल

महिला संवाद कार्यक्रम बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल

🔻गांव-गांव जाकर महिलाएं रख रही हैं अपनी बात, 42वें दिन पहुंचा अभियान।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू

जमुई : जिले में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल बनकर उभरा है। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं को सरकारी योजनाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि उन्हें पंचायत और गांव स्तर की समस्याओं पर खुलकर बात रखने का मंच भी दे रहा है।

गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बावजूद विभिन्न पंचायतों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। संवाद के दौरान महिलाओं ने जन औषधि केंद्र, चापाकल, पक्की सड़कों और नल-जल योजना जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग सरकार तक पहुंचाई।

जमुई सदर प्रखंड के कुन्दरी पंचायत के धन टोला मुसहरी में सामूहिक रूप से चापाकल की मांग की गई, वहीं सोनो प्रखंड के बलथर पंचायत के बिथरा गांव में गंगा ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद में मधुडावर गांव के वार्ड नंबर 5 में हर घर नल-जल योजना लागू करने की मांग सामने आई। बिथरा के वार्ड संख्या 4 में पक्की सड़क की मांग भी प्रमुख रही।

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। बालिका साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति योजना की लाभार्थी मीरा कुमारी ने बताया कि इन योजनाओं से उनकी शिक्षा में सहूलियत मिली। बिंदु देवी ने सतत जीविकोपार्जन योजना से दुकान और बकरी पालन शुरू कर आर्थिक स्थिति सुधारने की बात कही। नीलम देवी ने बताया कि उन्होंने समूह से ₹40,000 का ऋण लेकर चाय-नाश्ते की दुकान शुरू की है।

महिलाएं अब शिक्षा, स्वास्थ्य, वृद्धावस्था पेंशन, सोलर लाइट, सिंचाई, रोजगार और कुटीर उद्योग जैसे मुद्दों पर खुलकर मांग रख रही हैं। साथ ही अपने संघर्ष और सफलता की कहानियों से अन्य महिलाओं को प्रेरित भी कर रही हैं।

यह अभियान 18 अप्रैल से शुरू होकर अब 42वें दिन में प्रवेश कर चुका है। अब तक जिले के 913 ग्राम संगठनों में महिला संवाद आयोजित हो चुका है, जिसमें कुल 1,83,775 महिलाओं ने भागीदारी की है। इनमें 1,67,547 महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं, जबकि 16,228 स्थानीय महिलाएं अन्य समुदायों से थीं।

कार्यक्रम में महिलाओं को राज्य की महिला सशक्तिकरण नीति, आरक्षण, नशामुक्ति, बाल विवाह और दहेज उन्मूलन, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, सतत जीविकोपार्जन योजना, और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लीफलेट, ऑडियो-वीडियो माध्यमों से दी जा रही है।

‘महिला संवाद’ ने ग्रामीण महिलाओं को न केवल जागरूक बनाया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने वाला एक प्रभावशाली मंच भी साबित हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Pages