वट सावित्री व्रत पर सुहागिनों ने की पूजा, पति की लंबी आयु व पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना
सिटी संवाददाता : मो० मुमताज
अलीगंज : जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को वट सावित्री व्रत को लेकर पारंपरिक आस्था और उल्लास देखने को मिला। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक परिधान में सज-धज कर गांव के वटवृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं। उन्होंने विधिपूर्वक पूजा सामग्री के साथ वृक्ष की जड़ में जल अर्पित किया, पुष्प, अक्षत, भीगा चना, गुड़ और मिठाई चढ़ाई, सात बार वृक्ष की परिक्रमा की और कच्चा सूत बांधा। इसके उपरांत सावित्री-सत्यवान की कथा का पाठ कर आरती की गई और पति की लंबी उम्र की कामना की गई।
स्थानीय जनों रंजीत पांडे, आलोक मिश्रा, दीपक पांडे और बॉबी मिश्रा ने बताया कि इस पर्व में करवा चौथ जितना ही महत्व माना जाता है। यह पर्व अखंड सौभाग्य, सुख-शांति और संतापों की समाप्ति का प्रतीक है।
आचार्य कौशल किशोर द्विवेदी ने जानकारी दी कि वट सावित्री व्रत की परंपरा महाभारत काल से जुड़ी है, जब सावित्री ने अपने व्रत की शक्ति से यमराज को अपने पति सत्यवान के प्राण लौटाने पर विवश कर दिया था।
अलीगंज क्षेत्र के मंदिर परिसरों और वटवृक्षों के नीचे महिलाओं ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा कर यह व्रत संपन्न किया।
No comments:
Post a Comment