तेजस्वी यादव का भाजपा-जदयू पर तीखा हमला, कहा— टायर्ड मुख्यमंत्री और रिटायर्ड अधिकारी से नहीं चलेगा बिहार
🔹बिहार में बदलाव के लिए जनता से मांगा समर्थन, कहा— नया बिहार बनाने का दें हमें मौका।
जमुई : विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को जमुई में संवाददाता सम्मेलन के दौरान राज्य और केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है और इसका सबसे बड़ा कारण थकी हुई सरकार और असफल प्रशासन है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को "टायर्ड मुख्यमंत्री" और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को "रिटायर्ड अधिकारी" बताते हुए कहा कि अब राज्य को नई सोच और ऊर्जा की जरूरत है।
तेजस्वी ने कहा, "बिहार आज बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, अपराध चरम पर है—लूट, हत्या, डकैती रोज़ नई ऊंचाई छू रहे हैं। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत जरूरतें उपेक्षित हैं। लोग पलायन को मजबूर हैं। ऐसी स्थिति में बदलाव जरूरी है।"
उन्होंने 17 महीने की महागठबंधन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उस दौरान बिहार में 50 हजार करोड़ का निवेश हुआ और 5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जिसमें समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व मिला।
वैश्य समाज की ओर इशारा करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान सरकार व्यापारियों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने जीएसटी और अन्य कर व्यवस्था को लेकर सरकार की आलोचना की और कहा कि व्यापारियों में भय का माहौल है, जो लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
तेजस्वी ने बिहार के लोगों से अपील की, "बिहार को बदलने के लिए हमें मौका दें। हम भयमुक्त समाज और विकासशील राज्य देने के लिए तैयार हैं। अगर आप एक कदम हमारे साथ चलेंगे, तो हम चार कदम आपके साथ खड़े रहेंगे।"
इस संवाद कार्यक्रम में राजद के कई बड़े नेता भी मौजूद थे, जिनमें विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश, पूर्व विधायिका सावित्री देवी, राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव, राजद के पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद यादव, मुकेश यादव, रविन्द्र मंडल, मो. शमशाद, रामदेव यादव, मो. इरफान, विजय शंकर यादव, काजू यादव, अमर कुमार भगत, मुकेश कुमार भगत, मो. सलामूल , बबलू गोप, नगर पार्षद मो. फिरोज उर्फ डीशू जी समेत कई राजद नेता समेत अन्य शामिल थे।
No comments:
Post a Comment