विश्व मार्केटिंग दिवस पर डॉ. शालिनी के नेतृत्व में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम
- नारी शक्ति को बताया पर्यावरण संरक्षण की अग्रदूत
सिटी संवाददाता ,: प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : विश्व मार्केटिंग दिवस के अवसर पर मातृत्व सेवा सदन में पर्यावरण भारती की ओर से एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्या एवं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी की अगुवाई में पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शालिनी सिंह ने कहा कि नारी शक्ति में प्रकृति के प्रति विशेष संवेदनशीलता होती है। घर की गृहिणी ही परिवार की तरह पर्यावरण की देखभाल कर सकती हैं। वृक्षों और पौधों के प्रति उनके मन में ममत्व होता है, यही भावना पर्यावरण संरक्षण में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़ों का पूजन प्राचीन परंपरा का हिस्सा रहा है। राजस्थान में खेजड़ी और शमी वृक्ष की पूजा की जाती है।
विश्नोई समाज द्वारा खेजड़ी वृक्ष की रक्षा के लिए दी गई अमृता देवी और उनकी बेटियों की शहादत, नारी शक्ति की पर्यावरण के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। आज भी देश की महिलाएं वटवृक्ष, पीपल तथा तुलसी का पूजन कर वृक्षों के प्रति आस्था को जीवित रखे हुए हैं। घर के आसपास दस वृक्ष अवश्य लगाएं और कम से कम पांच वर्षों तक उनकी देखरेख करें—यह ग्लोबल वार्मिंग से बचने का सशक्त उपाय है।
कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक ने कहा कि भगवान शिव का जीवन ही प्रकृति के बीच रहने का संदेश देता है। वे कैलाश पर्वत पर रहते हैं, जटाओं में गंगा को धारण करते हैं और वायुमंडल को शुद्ध करने वाले नाग को गले में पहनते हैं। यदि आधुनिक युग में भी मनुष्य प्रकृति के समीप रहे तो कोरोना जैसी महामारी भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
इस अवसर पर राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि 27 मई को विश्व मार्केटिंग दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत वर्ष 2023 में प्रसिद्ध विपणन विशेषज्ञ फिलिप कोटलर के सम्मान में की गई थी, जिनका जन्म 27 मई 1931 को अमेरिका के शिकागो में हुआ था। इस दिन का उद्देश्य मार्केटिंग क्षेत्र के योगदान को सम्मानित करना, ज्ञान साझा करना तथा व्यवसायिक संबंधों को सशक्त करना है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पर्यावरण संरक्षण और ब्रांड जागरूकता दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में विश्व मार्केटिंग दिवस पर पौधारोपण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह दिन न केवल विपणन विशेषज्ञों का सम्मान करता है, बल्कि जनमानस को प्रकृति से जुड़ने का संदेश भी देता है।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. वीणा सिंह, डॉ. शालिनी, रानी कुमारी, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, राम बिलास शाण्डिल्य, अजीत कुमार, पवन कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
No comments:
Post a Comment