विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, बरगद और औषधीय पौधों से दी प्रकृति को श्रद्धांजलि - City Channel

Breaking

Saturday, May 3, 2025

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, बरगद और औषधीय पौधों से दी प्रकृति को श्रद्धांजलि

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, बरगद और औषधीय पौधों से दी प्रकृति को श्रद्धांजलि 

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू 

जमुई : 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मातृत्व सेवा सदन, खैरा मोड़, जमुई में पर्यावरण भारती द्वारा एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देव वृक्ष बरगद तथा औषधीय गुणों से भरपूर पथरचूर के कुल 10 पौधे लगाए गए।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्या और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह ने किया।

कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शांडिल्य ने बताया कि –
“पर्यावरण पांच ‘ज’ से बना है – जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन। जब तक ये चार तत्व सुरक्षित हैं, तब तक मानव जीवन भी सुरक्षित है।”

उन्होंने यह भी कहा कि –
“जमुई में किऊल नदी का सूखना और भूगर्भ जल स्तर का गिरना चिंताजनक है। वर्षा जल का संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक का परित्याग अब समय की माँग है।”

इस मौके पर पर्यावरणविद और पत्रकार प्रो. राम जीवन साहू ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि –
“यह दिवस पत्रकारिता की निष्पक्षता और अभिव्यक्ति की आज़ादी की याद दिलाता है। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में एक स्वतंत्र प्रेस की भूमिका अत्यंत आवश्यक है।”

उन्होंने 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि –
“जब प्रेस की आज़ादी छीनी गई, तब लोकतंत्र खतरे में आ गया था। इसलिए प्रेस को चौथा स्तंभ कहा गया है।”

मौके पर डॉक्टर शालिनी सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ एक कर्मकांड नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के जीवन को सुरक्षित करने का संकल्प है। बरगद जैसे देव वृक्ष और औषधीय पौधों का रोपण स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी है।

साथ ही उन्होंने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस लोकतंत्र की रीढ़ है। पत्रकारों को बिना दबाव के सच बोलने और जनता को जागरूक करने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। प्रेस और पर्यावरण – दोनों ही समाज को सुरक्षित, सजग और स्वस्थ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

डॉ. वीणा सिंह ने कहा कि जैसे स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस लोकतंत्र को मजबूत करता है, वैसे ही हरा-भरा पर्यावरण मानव जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाता है। प्रेस और पेड़—दोनों समाज के लिए अनिवार्य हैं। एक विचारों को सांस देता है, तो दूसरा जीवन को। उन्होंने कहा कि आज जब जलवायु संकट और सूचनात्मक संकट दोनों सामने हैं, तब हमें कलम और कलिका—दोनों की रक्षा करनी होगी।

वहीं पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. वीणा सिंह, डॉ. शालिनी सिंह, प्रो. राम जीवन साहू, राम बिलास शांडिल्य, रानी हेम्ब्रम, सोनी कुमारी और पूजा कुमारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages