बिहार के गांव-शहर होंगे हरे-भरे, 5 जून से शुरू होगा मेगा वृक्षारोपण अभियान — जमुई में लगाए जाएंगे 16 लाख से अधिक पौधे
पटना : बिहार सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर इस वर्ष बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू करने जा रही है। 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्य में 5 करोड़ पौधे लगाने की योजना शुरू की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
इस अभियान में 66 किस्म के पौधे, जैसे काला शीशम, कनक चंपा, नीम, पीपल, सागवान, महुआ, शीशम आदि लगाए जाएंगे। ये पौधे विभागीय पौधशालाओं, जीविका दीदी पौधशालाओं और किसान पौधशालाओं में पहले से तैयार किए गए हैं। राज्य भर में कुल 268 अधिकृत पौधशालाएं इस कार्य में लगी हुई हैं।
इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ जीविका समूह, किसान, एनजीओ, अर्धसैनिक बल, और विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे।
जमुई जिले में इस अभियान के तहत 16 लाख 37 हजार 800 पौधे लगाए जाएंगे। वहीं भागलपुर क्षेत्र को मिला कुल लक्ष्य 1 करोड़ 30 लाख 63 हजार 600 पौधों का है, जिसमें बांका, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, गोपालगंज, सीवान, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, गया, नालंदा, पटना, रोहतास, मुंगेर सहित कई जिले शामिल हैं।
हरजोत कौर बम्हरा ने सभी जिलों के डीएम को निर्देशित किया है कि 15 जून तक वृक्षारोपण की कार्य योजना तैयार कर ली जाए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कितने पौधे किस जगह पर लगाए जाएंगे और उनकी आपूर्ति किस पौधशाला से होगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि तीन फीट से बड़े पौधे ही रोपे जाएं।
पौधों की टैगिंग संबंधित पौधशालाओं से की जाएगी ताकि आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। पर्यावरणीय संकटों, जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार का यह कदम एक हरित बिहार की दिशा में बड़ी पहल मानी जा रही है।
No comments:
Post a Comment