जमुई जिले में महिला संवाद कार्यक्रम जोरशोर से जारी, 15 हजार से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज - City Channel

Breaking

Tuesday, May 20, 2025

जमुई जिले में महिला संवाद कार्यक्रम जोरशोर से जारी, 15 हजार से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज

जमुई जिले में महिला संवाद कार्यक्रम जोरशोर से जारी, 15 हजार से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज 


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम जमुई जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में ठोस पहल करना है।

मंगलवार से जिले के आठ प्रखंडों के 22 गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत सुबह-शाम दो पालियों में हुई। वहीं बरहट एवं गिद्धौर प्रखंडों के सभी गांवों में यह कार्यक्रम पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। कार्यक्रम की शुरुआत जिले में 18 अप्रैल से हुई थी और अब तक 715 जीविका ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संवाद आयोजित हो चुका है। कार्यक्रम के तहत अब तक 15,000 से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की गई हैं।

कार्यक्रम के संचालन हेतु जिले में 11 डिजिटल जागरूकता रथ लगाए गए हैं, जो एलईडी स्क्रीन, वीडियो फिल्म, सेल्फी पॉइंट, स्टैंडी और लीफलेट्स से लैस हैं। इन रथों के माध्यम से महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका साइकिल योजना, जीविका परियोजना, नशामुक्ति अभियान, महिला आरक्षण नीति और सतत जीविकोपार्जन योजना समेत 31 से अधिक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री का संदेश पत्र भी वितरित किया जा रहा है।

मंगलवार को सिकंदरा प्रखंड के खरडीह पंचायत अंतर्गत कर्मा गांव में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने भाग लिया और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए अपनी आकांक्षाएं खुलकर रखने के लिए प्रेरित किया।

झाझा प्रखंड के राजलाकला, धमना, करहरा एवं जामुखरैया पंचायत में एक दिन में चार पालियों में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 200 से 300 महिलाएं शामिल हुईं। वहीं खैरा प्रखंड के नीम नवादा पंचायत में आयोजित संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड परियोजना प्रबंधक निरूपम घोष और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम में भी करीब 300 महिलाएं उपस्थित रहीं।

प्रखंड परियोजना प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं पुरुषों के समकक्ष हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और महिला संवाद कार्यक्रम उसी सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उल्लेखनीय है कि जिले के 1245 जीविका ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना है, जिनमें से अब तक 715 में कार्यक्रम संपन्न हो चुका है जबकि 530 ग्राम संगठनों में आयोजन बाकी है। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राज्यव्यापी स्तर पर संचालित यह कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर और योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages