जमुई में जदयू नगर कार्यकारिणी का हुआ विस्तार, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का लिया गया संकल्प
सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा
जमुई : गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड कार्यालय के कर्पूरी सभागार में नगर अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा की ओर से नगर कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और अन्य कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की गई।
नवनियुक्त सदस्यों का पार्टी परिधान पहनाकर और फूल मालाओं से स्वागत किया गया। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर जदयू से जुड़े हैं और संगठन को पंचायत व प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने कहा कि आज की पीढ़ी शायद 2005 के पहले के 'जंगलराज' को नहीं जानती, जब पूरे बिहार में अराजकता का माहौल था। लेकिन जदयू सरकार के आने के बाद राज्य में सुशासन और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को जिले में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव हरिओम कुशवाहा, जिला प्रवक्ता सुनील वर्णवाल, दलित प्रकोष्ठ महासचिव अरुण भारती, जिला सचिव राजेश कुमार, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सोनू रावत, नगर अध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष जमील अहमद, रामानंद सिंह, सुजीत मेहता, युवा जदयू के रौशन शर्मा, प्रिंस कुमार, राहुल कुमार, राकेश कुमार, पंकज कुमार, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment