झाझा-बटिया रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य शीघ्र होगा प्रारंभ : डीएम अभिलाषा शर्मा
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : जिलेवासियों के लिए एक बड़ी सौगात की तैयारी चल रही है। झाझा-बटिया रेलवे लाइन परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू होने वाली है। इसको लेकर आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने की।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जमुई जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बैठक में भाग लेते हुए कहा कि “जमुई में विकास की गंगा बह रही है, सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।”
उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत झाझा-बटिया रेलवे लाइन का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें झाझा से बटिया तक एक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस लाइन में सोनो को एक नया स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है, जिससे पैरा मटियाना, डूबा, और खुर्द महापुर जैसे गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमि अधिग्रहण की स्थिति पर जानकारी देते हुए डीएम ने बताया कि कुल 27 मौजा (सोनो के 22 और झाझा के 5) को अधिग्रहण के दायरे में लाया गया है। इनमें से सोनो अंचल के 20 मौजों का गजट प्रकाशन हो चुका है और भूमि दर निर्धारण की प्रक्रिया प्रगति पर है।
इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जायसवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता मो. तारिक रजा, कार्यपालक अभियंता, जिला योजना पदाधिकारी भानू प्रकाश, आईओसीएल के प्रतिनिधि, एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे।
बताते चलें कि यह परियोजना न केवल रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति देगी।


No comments:
Post a Comment